Showing posts with label vaaky. Show all posts
Showing posts with label vaaky. Show all posts

Sunday, 28 April 2019

वाक्य विचार (Formation of Sentences)

वाक्य की परिभाषा : जो शब्द किसी अर्थ को पूर्णरूपेण स्पष्ट कर देता है, उसे वाक्य कहते हैं ; जैसे - किसान खेत जोतता है | आकाश में वायुयान उड़ता है | 

वाक्यों के भेद : रचना अथवा गठन और अर्थ की दृष्टि से वाक्यों के अलग-अलग भेद किये जाते हैं |

(अ) गठन की दृष्टि से वाक्य भेद : गठन की दृष्टि से वाक्यों के तीन भेद होते हैं -
  (१) साधारण वाक्य  (२) मिश्रित वाक्य  (३) संयुक्त वाक्य 

(१) साधारण वाक्य: जिन वाक्यों में केवल एक ही कर्त्ता और एक ही क्रिया पायी जाती है, उन्हें साधारण वाक्य कहा जाता है; जैसे - आकाश में पक्षी उड़ते हैं | बालिका मैदान में खेलती है | 
(२) मिश्रित वाक्य : जिन वाक्यों में एक मुख्य वाक्य होता है और उस पर आश्रित एक अथवा उससे अधिक उपवाक्य होते हैं, उन्हें मिश्रित वाक्य कहा जाता है; जैसे - जितना कर्म करोगे, उतना ही फल पाओगे | यदि बिजली होती तो चोर नहीं आते | 
(३) संयुक्त वाक्य : जिन वाक्यों में दो अथवा दो से अधिक साधारण अथवा मिश्रित वाक्य पाये जाते हैं, उन्हें संयुक्त वाक्य कहते हैं; जैसे - आसमान साफ़ है, अतः आज वर्षा नहीं होगी | 

(ब) अर्थ की दृष्टि से वाक्य भेद : अर्थ की दृष्टि से वाक्यों के निम्नलिखित आठ भेद होते हैं -

(१) विधानार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी कार्य के होने का ज्ञान होता है, उन्हें विधानार्थक वाक्य कहते हैं; जैसे - विभीषण ने राम की बहुत सहायता की थी | 
(२) निषेधार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी कार्य के ना होने का ज्ञान होता है, उसे निषेधार्थक वाक्य कहते हैं; जैसे - रावण ने बिना युद्ध के सीता को नहीं लौटाया | 
(३) प्रश्नार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी वस्तु, पदार्थ अथवा कार्य के विषय में पूछे जाने का ज्ञान होता है, उन्हें प्रश्नार्थक वाक्य कहते हैं ; जैसे - विश्व में ऐसा कौन सा प्राणी है, जिसे अपनी जान प्यारी नहीं है ?
(४) आज्ञार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से आज्ञा, उपदेश देने अथवा प्रार्थना किये जाने का ज्ञान होता है, उन्हें आज्ञार्थक वाक्य कहते हैं ; जैसे - 
इस समय आप घर आ जाओ | (आज्ञा)
मानव की सेवा ईश्वर की सेवा है | (उपदेश)
कृपया यह सामान मेरे भाई को दे दीजिये | (प्रार्थना)
(५) इच्छार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी इच्छा का ज्ञान होता है, उन्हें इच्छार्थक वाक्य कहते हैं ; जैसे - माँ के आर्शीवाद से तुम्हें पुत्ररत्न की प्राप्ति अवश्य होगी | 
(६) संकेतार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी बात का संकेत मिलता है, उन्हें संकेतार्थक वाक्य कहा जाता है | जैसे - तुम फिर वही रट लगा रहे हो | 
(७) संदेहार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से किसी बात के विषय में संदेह उत्पन्न होता है, उन्हें संदेहार्थक वाक्य कहा जाता है ; जैसे - क्या तुम्हारी आयु ठीक लिखी है ?
(८) विस्मयार्थक वाक्य : जिन वाक्यों से विस्मय के भाव की अभिव्यक्ति होती है, उन्हें विस्मयार्थक वाक्य कहते हैं ; जैसे - वाह! तुम उत्तीर्ण हो गए | 

वाक्य के भाग : वाक्य के दो भाग होते हैं -
(क) उद्देश्य  (ख) विधेय 

(क) उद्देश्य : किसी भी वाक्य में जिस व्यक्ति, वस्तु अथवा पदार्थ के विषय में बात कही जाती है, उसे अर्थात वाक्य के कर्त्ता को उद्देश्य कहते हैं ; जैसे - 
     (अ) बच्चा चारपाई से गिर गया | 
     (ब) एक बहुत सुन्दर बच्चा मेरे पास आया | 
     (स) राम, लक्ष्मण और सीता वन को गये | 
ऊपर के वाक्यों में पहले और दूसरे वाक्यों में बच्चे के विषय में बातें कही गयीं हैं, अतः 'बच्चा' उद्देश्य है | तीसरे वाक्य में राम, लक्ष्मण और सीता के विषय में बातें कही गयीं हैं ; अतः वे तीनों ही वाक्य के उद्देश्य हैं | 
उद्देश्य का विस्तार : वाक्य में जो शब्द उद्देश्य की विशेषता बताते हैं; उन्हें उद्देश्य का विस्तार कहा जाता है ; जैसे - ऊपर के वाक्य (ब) में 'बच्चा' उद्देश्य है और 'एक बहुत सुन्दर' शब्द बच्चे की विशेषता बताने वाले शब्द हैं ; अतः 'एक बहुत सुन्दर' शब्द उद्देश्य का विस्तार कहलायेंगे |

(ख) विधेय : वाक्य में उद्देश्य के विषय में जो कुछ भी कहा जाता है, उसे विधेय कहते हैं ; जैसे - भारतीय सैनिकों ने आकाश से बमवर्षा करके शत्रु को पराजित कर दिया |
ऊपर के वाक्य में 'आकाश से बमवर्षा करके शत्रु को पराजित कर दिया' विधेय है |
विधेय का विस्तार : वाक्य में मुख्य बात के अतिरिक्त जो भाग होता है, उसे विधेय विस्तार कहा जाता है ; जैसे - ऊपर के वाक्य में मुख्य बात 'शत्रु को पराजित कर दिया' है | 'आकाश से बमवर्षा करके' विधेय का विस्तार है | क्रिया-विशेषण, कर्म, कर्म के विशेषण, समस्त कारकों को व्यक्त करने वाले शब्दों आदि से विधेय का विस्तार होता है |

विशेष : किसी भी वाक्य की रचना के लिए उद्देश्य और विधेय का होना अनिवार्य होता है, दोनों में से किसी के अभाव में वाक्य की रचना नहीं हो सकती | 

Sunday, 18 November 2018

पद-परिचय (Parsing)

वाक्य में प्रयुक्त होने वाले उस प्रत्येक शब्द अथवा शब्द समूह को पद कहते हैं, जो स्वतंत्र रूप में किसी अर्थ को प्रकट करता है | वाक्य के सभी पदों को अलग-अलग करना तथा व्याकरणिक दृष्टि से उनका परिचय कराना पद-परिचय कहलाता है | परिचय से हमारा तात्पर्य पदों के विषय में यह बताना है की वह संज्ञा, सर्वनाम आदि शब्द-भेदों में से कौन-सा भेद है | उनका लिंग, वचन, कारक, काल तथा अवस्था क्या है |
     शब्द आठ प्रकार के होते हैं; अतः उनके पद-परिचय में कौन-कौन सी बातों का उल्लेख किया जाना चाहिए, उनका विवरण इस प्रकार है -

     (१) संज्ञा : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, कारक तथा क्रिया से क्या सम्बन्ध है ?
     (२) सर्वनाम : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, पुरुष, कारक तथा क्रिया से क्या संबंध है ? वह सर्वनाम किस संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त हुआ है ?
     (३) विशेषण : कौन-सा भेद है, लिंग वचन, अवस्था तथा उसका विशेष्य क्या है ?
     (४) क्रिया : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, कर्त्ता, कर्म तथा काल क्या है ?
     (५) क्रिया-विशेषण : कौन-सा भेद है ? उसकी विशेष्य क्रिया क्या है ?
     (६) सम्बन्धबोधक : कौन-सा भेद है ? उसका सम्बन्धी शब्द क्या है ?
     (७) समुच्चयबोधक : कौन-सा भेद है ? योजित शब्द क्या है ?
     (८) विस्मयादिबोधक : हर्ष, घृणा, आश्चर्य आदि में से कौन-सा भेद है ?

     विशेष : कारक के चिह्नों को अलग पद नहीं माना जाता, वरन् उन्हें उस शब्द के साथ सम्मिलित कर लिया जाता है, जिसमें कारक निहित होता है | 
     अब हम आपको कुछ वाक्यों का पद-परिचय करा रहे हैं; इन्हीं के आधार पर वाक्यों के पद-परिचय करने का अभ्यास करें -
     वाक्य : मेरे पिताजी बाजार जायेंगे | 

     मेरे : सर्वनाम, पुरुषवाचक, उत्तमपुरुष, पुल्लिंग, एकवचन, सम्बन्ध कारक, 'पिताजी' से सम्बन्ध को बताता है | 
     पिताजी : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, कर्त्ता कारक, 'जायेंगे' क्रिया का कर्त्ता | 
     बाजार : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, कर्म कारक, 'जायेंगे' क्रिया का कर्म |
     जायेंगे : क्रिया, सकर्मक क्रिया, भविष्यत्काल, पुल्लिंग, एकवचन (कर्त्ता के अनुसार), 'पिताजी' इसका कर्त्ता है |

     वाक्य : पेड़ से पत्ता गिरता है |

     पेड़ से : संज्ञा, जातिवाचक, अपादान कारक, 'से' कारक चिह्न,  एकवचन, पुल्लिंग |
     पत्ता : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, 'गिरता है' क्रिया का कर्त्ता है, पेड़ से इसका सम्बन्ध है | 
     गिरता है : क्रिया, अकर्मक क्रिया, 'पत्ता' कर्त्ता की क्रिया है, एकवचन, पुल्लिंग, वर्तमानकाल |