Showing posts with label kriya. Show all posts
Showing posts with label kriya. Show all posts

Sunday, 18 November 2018

पद-परिचय (Parsing)

वाक्य में प्रयुक्त होने वाले उस प्रत्येक शब्द अथवा शब्द समूह को पद कहते हैं, जो स्वतंत्र रूप में किसी अर्थ को प्रकट करता है | वाक्य के सभी पदों को अलग-अलग करना तथा व्याकरणिक दृष्टि से उनका परिचय कराना पद-परिचय कहलाता है | परिचय से हमारा तात्पर्य पदों के विषय में यह बताना है की वह संज्ञा, सर्वनाम आदि शब्द-भेदों में से कौन-सा भेद है | उनका लिंग, वचन, कारक, काल तथा अवस्था क्या है |
     शब्द आठ प्रकार के होते हैं; अतः उनके पद-परिचय में कौन-कौन सी बातों का उल्लेख किया जाना चाहिए, उनका विवरण इस प्रकार है -

     (१) संज्ञा : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, कारक तथा क्रिया से क्या सम्बन्ध है ?
     (२) सर्वनाम : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, पुरुष, कारक तथा क्रिया से क्या संबंध है ? वह सर्वनाम किस संज्ञा के स्थान पर प्रयुक्त हुआ है ?
     (३) विशेषण : कौन-सा भेद है, लिंग वचन, अवस्था तथा उसका विशेष्य क्या है ?
     (४) क्रिया : कौन-सा भेद है, लिंग, वचन, कर्त्ता, कर्म तथा काल क्या है ?
     (५) क्रिया-विशेषण : कौन-सा भेद है ? उसकी विशेष्य क्रिया क्या है ?
     (६) सम्बन्धबोधक : कौन-सा भेद है ? उसका सम्बन्धी शब्द क्या है ?
     (७) समुच्चयबोधक : कौन-सा भेद है ? योजित शब्द क्या है ?
     (८) विस्मयादिबोधक : हर्ष, घृणा, आश्चर्य आदि में से कौन-सा भेद है ?

     विशेष : कारक के चिह्नों को अलग पद नहीं माना जाता, वरन् उन्हें उस शब्द के साथ सम्मिलित कर लिया जाता है, जिसमें कारक निहित होता है | 
     अब हम आपको कुछ वाक्यों का पद-परिचय करा रहे हैं; इन्हीं के आधार पर वाक्यों के पद-परिचय करने का अभ्यास करें -
     वाक्य : मेरे पिताजी बाजार जायेंगे | 

     मेरे : सर्वनाम, पुरुषवाचक, उत्तमपुरुष, पुल्लिंग, एकवचन, सम्बन्ध कारक, 'पिताजी' से सम्बन्ध को बताता है | 
     पिताजी : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, कर्त्ता कारक, 'जायेंगे' क्रिया का कर्त्ता | 
     बाजार : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, कर्म कारक, 'जायेंगे' क्रिया का कर्म |
     जायेंगे : क्रिया, सकर्मक क्रिया, भविष्यत्काल, पुल्लिंग, एकवचन (कर्त्ता के अनुसार), 'पिताजी' इसका कर्त्ता है |

     वाक्य : पेड़ से पत्ता गिरता है |

     पेड़ से : संज्ञा, जातिवाचक, अपादान कारक, 'से' कारक चिह्न,  एकवचन, पुल्लिंग |
     पत्ता : संज्ञा, जातिवाचक, पुल्लिंग, एकवचन, 'गिरता है' क्रिया का कर्त्ता है, पेड़ से इसका सम्बन्ध है | 
     गिरता है : क्रिया, अकर्मक क्रिया, 'पत्ता' कर्त्ता की क्रिया है, एकवचन, पुल्लिंग, वर्तमानकाल |

Saturday, 20 October 2018

क्रिया और उसके प्रकार (Verb and its kinds)

     क्रिया की परिभाषा : जिन शब्दों के द्वारा किसी कार्य के होने या किये जाने का ज्ञान होता है, उन्हें क्रिया कहा जाता है; जैसे - गीता खाना खा रही है और सीता खाना खा चुकी है | 

इस वाक्य में 'खा रही है' शब्दों से खाना खाने का कार्य तथा 'खा चुकी है' शब्दों से कार्य के किये जाने का ज्ञान होता है ; अतः 'खा रही है' और खा चुकी है क्रियाएँ हैं |
धातु : क्रिया का जो मूल रूप होता है, उसे धातु कहते हैं ; जैसे - खा, लिख, पढ़, सुन, जा, हँस, रो, सो इत्यादि |
     क्रिया का सामान्य रूप : धातु के साथ 'ना' जोड़ने से क्रिया का जो रूप बनता है, उसी को सामान्य क्रिया अथवा क्रिया का सामान्य रूप कहा जाता है ; जैसे - लिखना, पढ़ना, रोना, सोना, जाना, खाना, गाना आदि |

     क्रिया के प्रकार : कर्म के आधार पर क्रिया के दो प्रकार होते हैं -

(क) अकर्मक क्रिया  (ख) सकर्मक क्रिया

     (क) अकर्मक क्रिया : जब क्रिया के व्यापार का फल (प्रभाव) सीधा कर्त्ता पर पड़ता है और वाक्य में कोई कर्म नहीं होता है तो वह क्रिया अकर्मक क्रिया कहलाती है ; जैसे - सर्वेश स्नान कर रहा है | सुमन हँस रही है | यहाँ पर प्रथम वाक्य में 'स्नान' करने की क्रिया का फल सीधा कर्त्ता 'सर्वेश' पड़ रहा है और दूसरे वाक्य में हँसने की क्रिया का फल कर्त्ता 'सुमन' पर पड़ रहा है | इन दोनों ही वाक्यों में कर्म नहीं है ; अतः 'स्नान कर रहा है' और 'हँस रही है' क्रियाएँ अकर्मक क्रियाएँ हैं |


     (ख) सकर्मक क्रिया : वाक्य में जब क्रिया के व्यापार का फल कर्त्ता पर ना पढ़कर कर्म पर पड़ता है, तो वह क्रिया सकर्मक क्रिया कहलाती है ; जैसे - बच्चे गेंद खेल रहे हैं | यहाँ पर खेलने की क्रिया का प्रभाव कर्त्ता 'बच्चे' पर न पड़कर कर्म 'गेंद' पर पड़ रहा है ; अतः 'खेल रहे हैं' क्रिया सकर्मक क्रिया है | सकर्मक क्रियाएँ भी दो प्रकार की होती हैं - (अ) एककर्मक क्रिया  (ब) द्विकर्मक क्रिया |

     (अ) एककर्मक क्रिया : जब क्रिया का एक ही कर्म होता है, तो वह क्रिया एककर्मक क्रिया कहलाती है ; जैसे -किशोर पुस्तक पढ़ता है | लोग प्रार्थना करते हैं | यहाँ पर प्रथम वाक्य में 'पढ़ता है' क्रिया का एक ही कर्म 'पुस्तक' तथा दूसरे वाक्य में 'करते हैं' क्रिया का भी एक ही कर्म 'प्रार्थना' है ; अतः 'पढ़ता है' तथा 'करते हैं' क्रियाएँ एककर्मक क्रियाएँ हैं |
     (ब) द्विकर्मक क्रिया : जिन क्रियाओं के दो कर्म होते हैं, उन्हें द्विकर्मक क्रिया कहते हैं ; जैसे - माता बालक को भात खिलाती है | यहाँ पर 'खिलाती है' क्रिया के दो कर्म 'बालक' तथा 'भात' हैं ; अतः खिलाती है द्विकर्मक क्रिया है |

     इन क्रियाओं की पहचान : प्रायः अकर्मक तथा सकर्मक क्रियाओं की पहचान करने में कुछ लोग भूल कर जाते हैं, अतः हम आपको इनकी पहचान की विधि बता रहे हैं | यदि वाक्य की क्रिया में 'क्या' अथवा 'किसको' आदि लगाकर प्रश्न किया जाये और उसका कोई उत्तर न आये तो वह क्रिया अकर्मक होती है और यदि उत्तर में कुछ आता है तो वह क्रिया सकर्मक होती है ; जैसे -

     (क) सोहना नाच रही है |  (ख) बन्दर साइकिल चला रहा है |
यहाँ पर प्रथम वाक्य में 'किसको नाच रही है?' तथा द्वितीय वाक्य में 'किसको चला रहा है ?' प्रश्न करने पर पहले प्रश्न के उत्तर में कुछ नहीं आता, जबकि दूसरे प्रश्न के उत्तर में 'साइकिल' शब्द आता है ; अतः प्रथम वाक्य की क्रिया 'नाच रही है' अकर्मक तथा वाक्य की क्रिया 'चला रहा है' सकर्मक क्रिया है |

     क्रिया के अन्य भेद : अकर्मक तथा सकर्मक के अतिरिक्त भी क्रियाओं के कुछ अन्य भेद भी हैं -

  1. प्रेरणार्थक क्रिया,
  2. संयुक्त क्रिया,
  3. पूर्वकालिक क्रिया,
  4. नामधातु क्रिया |
     (१) प्रेरणार्थक क्रिया : कर्त्ता जब स्वयं कार्य न करके किसी दूसरे व्यक्ति को प्रेरणा देकर उससे कार्य करवाता है तो वह क्रिया प्रेरणार्थक क्रिया कहलाती है |

(क) सुग्रीव राम से बाली को मरवाता है |

(ख) राम बाली से पश्चाताप करवाते हैं |
    ऊपर के वाक्यों में प्रथम वाक्य में कर्त्ता सुग्रीव स्वयं बाली को न मारकर राम से उसको मरवाता है और दूसरे वाक्य में कर्त्ता राम स्वयं पश्चाताप न करके बाली से करवाते हैं ; अतः 'मरवाता है' तथा 'करवाते हैं' क्रियाएँ प्रेरणार्थक क्रियाएँ हैं |
     विशेष : प्रेरणार्थक क्रिया के दो कर्त्ता होते हैं -
     (क) प्रेरक कर्त्ता : प्रेरणा देने वाला कर्त्ता |
     (ख) प्रेरित कर्त्ता : प्रेरणा लेकर कार्य करने वाला कर्त्ता |
     ऊपर के उदाहरणों में प्रथम वाक्य में सुग्रीव प्रेरक कर्त्ता है और राम प्रेरित कर्त्ता, जबकि दूसरे वाक्य में राम प्रेरक कर्त्ता हैं तथा बाली प्रेरित कर्त्ता है |

     प्रेरणार्थक क्रिया के दो रूप : प्रेरणार्थक क्रिया के दो रूप होते हैं -

     (अ) प्रथम प्रेरणार्थक क्रिया : जब कर्त्ता स्वयं कार्य करता है किन्तु वह दूसरे कर्त्ता को भी किसी कार्य के लिए प्रेरित करता है, तो वह क्रिया प्रथम प्रेरणार्थक क्रिया कहलाती है ; जैसे - मैं तुम्हें आम खिलाता हूँ | यहाँ आम खिलाने का कार्य तो कर्त्ता 'मैं' ही कर रहा है ; किन्तु वह दूसरे कर्त्ता 'तुम्हें' को आम खाने के लिए प्रेरित कर रहा है | अतः 'खिलाता हूँ' प्रथम प्रेरणार्थक क्रिया है |
     (ब) द्वितीय प्रेरणार्थक क्रिया : जब कर्त्ता स्वयं कार्य न करके दूसरे व्यक्ति को प्रेरित करके कार्य करवाता है, तो उसे द्वितीय प्रेरणार्थक क्रिया कहते हैं ; जैसे - मैंने राघव को कविता से पुस्तक दिलवायी | यहाँ पर 'मैंने' प्रथम कर्त्ता ने स्वयं कार्य ना करके द्वितीय कर्त्ता 'कविता' से कार्य करवाया है ; अतः दिलवायी द्वितीय प्रेरणार्थक क्रिया है |
     विशेष : द्वितीय प्रेरणार्थक क्रिया द्विकर्मक होती है ; जैसे - ऊपर के उदाहरण में दिलवायी क्रिया के 'राघव' तथा 'पुस्तक' दो कर्म हैं |
     नीचे कुछ प्रेरणार्थक क्रियाओं के उदाहरण दिये जा रहे हैं, इन पर ध्यान दें -
सामान्य क्रिया
प्रथम प्रेरणार्थक क्रिया
द्वितीय प्रेरणार्थक क्रिया
हँसना
हँसाना
हँसवाना
सोना
सुलाना
सुलवाना
रोना
रुलाना
रुलवाना
खाना
खिलाना
खिलवाना
पकड़ा
पकड़ाना
पकड़वाना
पीना
पिलाना
पिलवाना
जीतना
जिताना
जितवाना
देना
दिलाना
दिलवाना
भागना
भगाना
भगवाना
देखना
दिखाना
दिखवाना
पीसना
पिसाना
पिसवाना




     (२) संयुक्त क्रिया : दो अथवा दो से अधिक भिन्न-भिन्न क्रियाओं को जोड़कर बनायी गयी क्रिया को संयुक्त क्रिया कहते हैं | इस संयुक्त क्रिया का अर्थ दोनों क्रियाओं के अर्थ से भिन्न होता है | संयुक्त क्रिया में प्रथम क्रिया मुख्य क्रिया तथा द्वितीय क्रिया सहायक क्रिया कहलाती है ; जैसे - करुणा से उसकी आँखें गीली हो गयी | यहाँ पर 'गीली हो गयी' संयुक्त क्रिया है, जो कि तीन क्रियाओं को जोड़कर बनायी गयी है | इस क्रिया में 'भीगना', 'होना' तथा 'जाना' क्रियाओं को जोड़ा गया है | इन तीनों ही क्रियाओं के अलग-अलग अर्थ हैं, जबकि संयुक्त क्रिया 'गीली हो गयी' का अर्थ इन तीनों ही क्रियाओं के अर्थ से भिन्न है | यहाँ ''भीगना' मुख्य क्रिया है और 'होना' तथा 'जाना' सहायक क्रियाएँ हैं |

     (३) पूर्वकालिक क्रिया : जब किसी क्रिया से पूर्व भूतकाल की कोई क्रिया आती है, तो पूर्व में आने वाली क्रिया को पूर्वकालिक क्रिया कहा जाता है | धातु के अंत में 'कर' जोड़कर पूर्वकालिक क्रिया बनायी जाती है ; जैसे - उसने हँसकर बोलना आरम्भ किया |
     यहाँ पर 'बोलना' क्रिया से पूर्व 'हँसकर' क्रिया का प्रयोग किया गया है, जो कि भूतकाल की क्रिया है ; अतः 'हँसकर' पूर्वकालिक क्रिया है |

     (४) नामधातु क्रिया : जब नाम अर्थात् संज्ञा, सर्वनाम और विशेषण शब्दों में प्रत्यय लगाकर उनसे क्रिया बना ली जाती है तो उस क्रिया को नामधातु क्रिया कहते हैं , जैसे - किसी की संपत्ति हथियाना ठीक नहीं है | यहाँ पर 'हथियाना' क्रिया है, जो 'हाथ' संज्ञा शब्द से प्रत्यय लगाकर बनायी गयी है |
    देखिये ! संज्ञा, सर्वनाम तथा विशेषण शब्दों से किस प्रकार क्रियाएँ बनायी जाती हैं -

नाम
शब्द
क्रिया
(क)
संज्ञा
मेमना
मिमयाना


बात
बतियाना


ठग
ठगना


लाज
लजाना
(ख)
सर्वनाम
अपना
अपनाना
(ग)
विशेषण
खट्टा
खटियाना


तोतला
तुतलाना


झूठा
झुठलाना


चिकना
चिकनाना


गर्म
गर्माना